हाथरस। श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने हतीसा बाईपास से आगरा सीमा तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करते हुए नगला भुस चौराहे पर हाई मास्क लाइट लगाने तथा पार्क की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ढाबों के बाहर अनावश्यक वाहन खड़े न होने देने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कराने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने तथा सादाबाद क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाई मास्क लाइट, कोटा-कपूरा चौराहा और कुरसंडा मोड़ पर बैरीकेटिंग के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी ब्लैक स्पॉट सहित मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कांवड़ियों के लिए पृथक लेन तैयार करने, सैंड बैग लगाने तथा उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रात्रि यात्रा में भी सुरक्षा बनी रहे। शिविरों को निर्धारित दूरी पर लगाने तथा प्रत्येक शिविर में पेयजल, प्रकाश, डस्टबिन, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही विद्युत पोलों को पॉलिथीन से कवर कराने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी हाथरस, उपजिलाधिकारी सादाबाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण व विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी व कर्मचारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

