हाथरस। सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम-प्रसंग ने दर्दनाक अंजाम ले लिया। तीन दिन पूर्व एक अविवाहित युवक और उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे युवक की मौत हो गई जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान गांव रुदायल निवासी 23 वर्षीय रतन पुत्र पप्पू के रूप में हुई है, जो अविवाहित था और मजदूरी करता था। उसके 25 वर्षीय एक विवाहित महिला से प्रेम-संबंध थे, जिसके दो बच्चे भी हैं।
परिजनों को इस रिश्ते का पता चलने पर दोनों पर मिलने-जुलने और बात करने की पाबंदी लगा दी गई। लगातार रोक-टोक से तंग आकर दोनों ने 20 जुलाई को फोन पर बात करने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर युवक को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान आज सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, महिला के परिजन उसे आगरा मेडिकल कॉलेज ले गए हैं, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
