हाथरस। वीर शिवाजी महाराज के आदर्शों और हिंदू स्वराज्य के संकल्प को चरितार्थ करने के लिए गोपालधाम में चिकित्सक डॉ अभिनव वर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। ‘हिंदू साम्राज्य दिवस’ के अवसर पर आयोजित इस समारोह में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिवाजी महाराज के बलिदान व राष्ट्रनीति को याद करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। साथ ही देश में घरेलू और विदेशी ताकतों द्वारा फैलाई जा रही फूट पर चिंता जताई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर की। इसके बाद भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। स्वयंसेवक कन्हैया ने ‘उठो जवानों, हम भारत के स्वाभिमान सरताज हैं…’ जैसे देशभक्ति गीत से पूरे माहौल को ओजस्वी बना दिया।
मुख्य वक्ता एवं हरिगढ़ विभाग के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख जगदीश ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने न केवल धर्म की रक्षा की, बल्कि हिंदू समाज को गौरवान्वित करने के लिए हिंदू पद पादशाही की स्थापना की। उन्होंने समाज को जाग्रत व संगठित करने का जो बीज बोया, वही कार्य आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कर रहा है। यह देश हिंदुओं का है और इसे स्वीकार न करने वाले तत्व निरंतर षड्यंत्र रच रहे हैं।
उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि विदेशी आततायी और देश में बैठे राष्ट्रविरोधी हिंदू समाज को बांटने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते। हमें उनकी हर साजिश को नाकाम करना है और पूरे हिंदू समाज को एकजुट कर आगे बढ़ना है। तभी विश्व में भारत माता का डंका बजेगा। जगदीश ने ऐतिहासिक तथ्य साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1674 में ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ और हिंदू पदपादशाही की स्थापना हुई। इसी पावन दिवस को संघ हिंदू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाता है। समर्थ गुरु रामदास ने ही शिवाजी को राजा बनने का आशीर्वाद दिया था, ताकि वे राष्ट्र और समाज को जागृत कर सकें।
जगदीश ने शिवाजी की युद्धकला का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि वीर शिवाजी ने कभी झुकना नहीं सीखा। गोरिल्ला युद्धनीति के उन्नायक होने के नाते उन्होंने क्रूर मुगल शासकों को कड़ी चुनौती दी और सूझबूझ से अनेक किलों पर विजय प्राप्त की। उनका मानना था कि राष्ट्रहित के लिए उचित कदम हमेशा न्यायसंगत होता है। मुख्य वक्ता ने उपस्थित जनसमूह से शिवाजी महाराज की नीतियों व आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील की।
इस मौके पर जिला संघचालक डॉ यूएस गौड़, जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा, सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी, व्यवस्था प्रमुख मनीष अग्रवाल, प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, सोशल मीडिया प्रमुख विकास गुप्ता, अभिलेखागार प्रमुख सागर शर्मा, नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह, नगर कार्यवाह भानु, सह कार्यवाह टिंकू राना समेत अनेक दायित्वाधीन कार्यकर्ता व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
