हाथरस। विश्व योग दिवस के अवसर पर हाथरस चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन (एचसीएए) द्वारा दून पब्लिक स्कूल में योग सत्र एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच तनावमुक्त वातावरण में खेल और आपसी मेलजोल का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग सत्र से हुआ, जिसमें एसोसिएशन के सदस्यों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर नियमित योग के महत्व को समझा।
इसके बाद आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सीए अमन अग्रवाल विजेता तथा सीए नितिन अग्रवाल उपविजेता रहे। महिला वर्ग में सीए प्राची अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शीतल वार्ष्णेय उपविजेता रहीं। एसोसिएशन के नन्हे सदस्यों रक्षित वार्ष्णेय एवं सिंजिनी बिंदल के बीच खेले गए मैत्री मुकाबले ने सभी का विशेष आकर्षण प्राप्त किया।
एसोसिएशन द्वारा जून माह को “सीए माह” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर अध्यक्ष सीए नितिन के वार्ष्णेय ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का आधार है तथा ऐसे आयोजन सदस्यों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। सचिव सीए गीतांश बिंदल और कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल ने भी स्वास्थ्य, खेल और पारिवारिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं उनके परिवारजनों ने भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई तथा 1 जुलाई को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस उत्साहपूर्वक मनाने की घोषणा की गई।
