हाथरस। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित योग शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने एक साथ योगाभ्यास कर ‘करें योग-रहें निरोग’ का संदेश दिया। ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित इस शिविर में सुबह-सुबह स्टेडियम योगासन करते लोगों से पटा पड़ा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप वाल्मीकि, गौ सेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह गुड्डू, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर उपस्थित विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद अनूप वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज 190 से अधिक देशों में योग अपनाया जा रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की वैज्ञानिक पद्धति है। प्रतिदिन योग करने से निरोग रहा जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि नागरिक अपने भोजन में कम से कम 10 प्रतिशत तेल की कटौती करें, जिससे जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचा जा सके।

गौ सेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन योग परंपरा को अपना रहा है। रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक गाय पालने या गौशाला से गाय गोद लेकर सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोबर आधारित ऊर्जा उत्पादन स्वच्छ ऊर्जा का महत्वपूर्ण विकल्प है।

विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर और विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि योग मानसिक शांति, आत्मिक विकास और पारिवारिक संस्कारों को सुदृढ़ करता है। उन्होंने चिंता जताई कि आज की युवा पीढ़ी फास्ट फूड, पिज्जा-बर्गर की ओर बढ़ रही है, जबकि उन्हें पौष्टिक आहार और प्राकृतिक पेय पदार्थों के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा मोटे अनाज (मिलेट्स/श्री अन्न) को बढ़ावा देने की पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मैंने विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में भाग लिया, लेकिन योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और आत्मिक शक्ति देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने आहार में मक्का, बाजरा, ज्वार जैसे मोटे अनाज शामिल किए हैं और इसके सकारात्मक परिणाम अनुभव किए हैं। उन्होंने सभी से जंक फूड के स्थान पर पौष्टिक भोजन, फल, सब्जियां एवं श्री अन्न अपनाने का आह्वान किया।

योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। सैकड़ों प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों द्वारा कराए गए विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान प्रक्रियाओं का उत्साहपूर्वक अभ्यास किया। अंत में योगाचार्य एवं उनकी टीम को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी/आयुष चिकित्सक सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक, विद्यार्थी आदि उपस्थित थे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *