हाथरस। जनपद के विकास कार्यों को रफ्तार देने और सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग सुधारने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने खराब प्रदर्शन वाले विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
बैठक में डीएम ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सभी विभागीय योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और शासन की प्राथमिकताओं की पोल खोली। उन्होंने साफ कहा कि सीएम डैशबोर्ड सरकार की निगरानी का अहम जरिया है, जिससे विकास की असली तस्वीर सामने आती है। किसी भी विभाग की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने चेताया कि किसी एक विभाग की कमजोर रैंकिंग पूरे जनपद की छवि को धूमिल करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का तुरंत निपटारा करें, डाटा फीडिंग समय से करें और योजनाओं में आ रही रुकावटें हटाएं। खासतौर पर जिन विभागों की रैंकिंग खराब है, वे नियमित समीक्षा करें और परिणामों पर फोकस करें।
समीक्षा में यह भी खुलासा हुआ कि कई विभागीय अधिकारी बैठक में खुद न आकर अपने जूनियर कर्मचारी भेज रहे थे। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने अनुपस्थित अफसरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश देते हुए सख्त चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम किया जाए, ताकि आगामी समीक्षा में जनपद की रैंकिंग में जबरदस्त सुधार देखने को मिले।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
