हाथरस। क्या आपके घर का कोई बच्चा खेल, कला, विज्ञान या समाजसेवा में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है? तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत सरकार ने असाधारण प्रतिभा के धनी बच्चों को सम्मानित करने के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार घोषित किया है।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार जनपद के मेधावी एवं पात्र बच्चों का नामांकन कराया जाएगा। यह पुरस्कार छह श्रेणियों में प्रदान किया जाता है — वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति, तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी।

पुरस्कार के लिए पात्रता की बात करें तो बच्चे की आयु 31 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। साथ ही वह भारतीय नागरिक होकर भारत में निवास करता हो।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी है  कि नामांकन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। इच्छुक बच्चे, अभिभावक, विद्यालय या कोई भी संस्था राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जाकर पात्र बच्चों का नामांकन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।

अतुल वत्स ने जनपद के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र बच्चों का नामांकन कराया जाए। उन्होंने कहा है  कि बच्चों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए। यह पुरस्कार उनके उज्ज्वल भविष्य का द्वार खोल सकता है।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *