हाथरस। सासनी के मुहल्ला छिपैटी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को बुद्ध पूर्णिमा व शनि देव महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल की ओर से विशाल भंडारा प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विहिप प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भक्तिमय माहौल में देर शाम तक चले भंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ अमित भार्गव ने कहा कि भगवान बुद्ध शांति और अहिंसा के प्रतीक हैं, उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके मार्ग पर चलकर समाज में समरसता व बंधुत्व की भावना मजबूत करनी चाहिए। कार्यक्रम में प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने शनि देव स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमें अपनी जड़ों व संस्कृति से जोड़ते हैं।
इस अवसर पर जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग, सचिन भार्गव, भारतीय किसान संघ महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष माधवी सिंह सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक व विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
