हाथरस। बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों को छोड़कर मथुरा जा रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित गांव हतीसा के पास यह दुर्घटना हुई। 22 वर्षीय रामकुमार पुत्र रमेश चंद्र, निवासी नगला मोहन थाना सादाबाद, देर रात अपने दो परिचितों को हाथरस छोड़ने आया था। इसके बाद वह मथुरा के राया स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। इसी दौरान मथुरा रोड पर हतीसा के निकट एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
