हाथरस। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता जैसे ही पंकज धवरैय्या के आवास की ओर हाथरस जाने के लिए रवाना हुए, कोतवाली चैराहे पर पहले से लगाए बैरियर ने उनका रास्ता रोक दिया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से मना कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाकियू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पंकज धवरैय्या के घर जा रहे थे, लेकिन जैसे ही उनका काफिला सासनी कोतवाली के पास पहुंचा, वहां तैनात पुलिस बल ने बैरियर लगाकर उन्हें रोक लिया। कार्यकर्ताओं के रुकते ही पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। बैरियर लगाए जाने से नाराज किसान नेता और कार्यकर्ता मौके पर ही उतर आए। उनका कहना था कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने जा रहे थे, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उन्हें आक्रोशित कर दिया है।

उधर प्रशासन का तर्क रहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सुरक्षा कदम उठाया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक किसान यूनियन के नेता कोतवाली के बाहर डटे हुए थे और उच्चाधिकारियों से वार्ता की मांग कर रहे थे। स्थिति पर नियंत्रण के लिए क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ किसान नेता हाथरस जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति भंग हो सकती है। इसी को देखते हुए उन्हें हाथरस जाने से रोका गया है।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *