हाथरस। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कोरना में बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। मथुरा के महावन से आई बारात में डीजे पर डांस के दौरान एक युवक द्वारा तमंचे से फायरिंग कर दी गई, जिसमें दो नाबालिग किशोर छर्रे लगने से घायल हो गए।
घटना उस समय हुई जब डीजे पर गाने को लेकर विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक ने कथित तौर पर यह कहते हुए फायर कर दी कि “अब इसी गाने पर डांस होगा।” फायरिंग में 12 वर्षीय नितिन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी महावन, जिला मथुरा और 11 वर्षीय करन पुत्र हारस्वरूप, निवासी गुरसौटी, थाना सादाबाद घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल हाथरस लाया गया, जहां से परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में शादी समारोह संपन्न हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *