हाथरस। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर नगर पालिका परिषद हाथरस के पूर्व अध्यक्ष आशीष शर्मा ने जलेसर रोड स्थित मार्केट के सामने स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर आशीष शर्मा ने कहा कि अपने पालिकाध्यक्ष कार्यकाल में कल्याण सिंह की प्रतिमा स्थापित कराना उनके लिए सबसे गौरवपूर्ण कार्य रहा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने अपना जीवन राष्ट्र, संस्कृति और रामभक्ति को समर्पित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने दृढ़ निर्णय, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का उदाहरण प्रस्तुत किया। अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनका नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा, जहां उन्होंने सत्ता से अधिक संविधान और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी कल्याण सिंह ने निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
जलेसर रोड पर लोधी समाज द्वारा आयोजित जन्म जयंती कार्यक्रम में भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
