हाथरस। अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जन्म स्मृति अभियान 2025 के उपलक्ष्य में सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने अहिल्याबाई होल्कर के छवि चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा और नेतृत्व के गुणों का संगम था। उनके आदर्श वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अहिल्याबाई होल्कर के पदचिन्हों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्य पथ की दिशा दिखाने के लिए अहिल्याबाई होल्कर को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों को बुके भेंट कर व पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर एमएलसी ऋषि पाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख हाथरस पूनम पांडेय, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, नगर पालिकाध्यक्ष हाथरस श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख हसायन, भाजपा नेता प्रीती चौधरी, जिलाधिकारी राहुल पांडेय, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन चतुर सिंह व मोनिका गौतम ने किया।