1 min read

हाथरस। बुधवार दोपहर को शहर के व्यस्ततम सासनी गेट क्रांति चौक चौराहा स्थित एक स्कूल यूनिफार्म बनाने वाले गोदाम में अचानक भीषण आग लग जाने से हड़कंप मच गया। इससे मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के सासनी गेट क्रांति चौक चौराहा पर निहार गोयल पुत्र मोहन गोयल की गोयल जनरल स्टोर नाम से गारमेंट्स की दुकान है। आज दोपहर दुकान के ऊपर बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। दुकान की ऊपरी मंजिल से धुएं का गुबार निकल रहा था। मौके पर आसपास के दुकानदारों एवं राहगीरों की भीड़ लग गई।
बताया जाता है कि गोदाम में रेडीमेड कपडे एवं स्कूल यूनिफार्म आदि रखा जाता है। आग की सूचना पर तत्काल दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से लाखों रूपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारण की छानबीन की जा रही है।
Share the news