1 min read

हाथरस। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में कांवड़ संघों के प्रतिनिधियों एवं शिविर संचालकों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि हाथरस से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़ श्रद्धालु का सम्मान, सेवा और आतिथ्य हमारी संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से आह्वान किया कि श्रद्धालुओं की सेवा पूरे समर्पण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविर मुख्य मार्ग से कम से कम 10 फुट की दूरी पर स्थापित किए जाएं और विद्युत सुरक्षा एवं अग्निशमन के समुचित प्रबंध अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिविरों में लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे तथा ऐसे गीत न बजाएं जिनसे असुविधा हो। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्गों पर अधिकारियों व कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि समूचे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा व संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने शिविर संचालकों से शिविर स्थापना से पूर्व आवश्यक अनुमति प्राप्त करने को कहा। बैठक में कांवड़ संघों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा यात्रा के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वि/रा, अपर पुलिस अधीक्षक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news