हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने टीकाकरण जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं को फुट एंड माउथ डिजीज जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी गांवों में अभियान संचालित कर अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें तथा पशुपालकों को इसके प्रति जागरूक करें।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा 22 जुलाई से चार सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए 17 टीमें गठित की गई हैं, जो पशुपालकों के घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। रोस्टर के अनुसार सभी ग्रामों एवं गौशालाओं में टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग को 4,38,200 वैक्सीन प्राप्त हो चुकी हैं। टीकाकरण पशु चिकित्सकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों, मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट की टीमों एवं पशु मित्रों द्वारा किया जाएगा और पोर्टल पर अपलोड किया जाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पशुओं का पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके कान में टैग/छल्ला होना अनिवार्य है। बिना टैग वाले पशुओं को पहले टैगिंग की जाएगी, उसके बाद टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने सभी पशुपालकों एवं ग्राम प्रधानों से टीकाकरण टीमों का सहयोग करने की अपील की।
अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ मुकेश कुमार को मोबाइल नंबर 9313800306 पर संपर्क किया जा सकता है। जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ गोपाल सिंह (पशु चिकित्साधिकारी मंडी समिति) से 8218379987 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
