1 min read

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि एवं स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) से कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि आमजन को इनका शीघ्र लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निकायों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव होता है, वहां अतिरिक्त पंपसेट लगाकर त्वरित जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

साथ ही नगर निकायों में नियमित साफ-सफाई, नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान सभी विभाग समन्वय से कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news