हाथरस। अब शराब की बोतल पर लगा क्यूआर कोड स्कैन करते ही खुल जाएगा सारा ‘सच’ — ब्रांड हो या बैच नंबर, कीमत हो या एक्सपायरी डेट। उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने उपभोक्ताओं को नकली और अवैध शराब के चंगुल से बचाने के लिए ‘यूपी एक्साइज सिटिजन’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है।

जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन ने बताया है कि यह ऐप पूरी तरह सरकारी और सुरक्षित है। उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से इसे डाउनलोड कर बोतल का क्यूआर कोड स्कैन कर तुरंत जान सकते हैं कि उन्हें मिलने वाली शराब असली है या नकली। सिर्फ पहचान ही नहीं, अगर कोई शराब की दुकान निर्धारित एमआरपी से ज्यादा दाम वसूलता है तो उपभोक्ता ऐप के जरिए तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

विभाग का दावा है कि हर शिकायत पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग ने अवैध शराब धंधे की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9454466019 भी जारी किया है। जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन ने जनता से अपील की है कि अवैध शराब समाज के लिए जहर है। इसकी सूचना देकर प्रशासन का सहयोग करें।

गौरतलब है कि प्रदेश में अक्सर नकली और मिलावटी शराब से होने वाली घटनाओं को देखते हुए विभाग ने यह कदम उठाया है।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *