हाथरस। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम को लेकर सोमवार को तहसील सदर सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा से जुड़े तीन मामलों सहित कुल आठ प्रकरण सामने आए। महिला आयोग सदस्य ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में महिला थाना स्तर पर प्राप्त मामलों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष रितु तोमर को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों से महिला कल्याण एवं सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश देते हुए महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को परामर्श, संरक्षण और विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, महिला कल्याण विभाग की डीएमसी, बाल संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *