हाथरस। राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में सासनी स्थित कन्या इंटर कॉलेज विद्यालय की 13 छात्राओं के सफल चयन पर एक भव्य सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या डॉ उमा सिंह को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में मेधावी छात्राओं की उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और मंडलीय प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष दिलीप कुमार अमौरिया ने कॉलेज पहुंचकर अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर दिलीप कुमार अमौरिया ने कॉलेज की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के शानदार परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ उमा सिंह के नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यालय के उत्तरोत्तर विकास और भविष्य में भी हर क्षेत्र में अग्रणी बने रहने की कामना की।
सम्मान समारोह में कॉलेज के स्टाफ सदस्यों में भानुप्रताप, कुश कटारा, आशीष दुबे, रचना रानी, सलोनी शर्मा, मीनाक्षी चौधरी, सुरभि और वंदना आदि शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ उमा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
