हाथरस। सासनी क्षेत्रान्तर्गत गांव चंदैया स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में ख्यातिलब्ध समाजसेवी एवं शिक्षाविद् स्व. ठाकुर रामपाल सिंह की 13वीं पुण्यतिथि बृहस्पतिवार को हार्दिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों, परिजनों एवं शिक्षण संस्थान से जुड़े लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और समाज व शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. सिंह न केवल एक कुशल मार्गदर्शक थे, बल्कि सच्चे जनसेवक के रूप में जन-जन के दिलों में आज भी जीवित हैं। उन्होंने अपने जीवनकाल में अलीगढ़ जेल विजिटर, हाथरस मंडी समिति के सभापति एवं लोकतंत्र सेनानी (जिला मंत्री) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए जनहित के कार्यों को सदा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी गहरी रुचि का ही परिणाम है कि सासनी में रमन सिंह सर्व शिक्षा मंदिर की नींव रखी गई, जो आज भी पूरे क्षेत्र को ज्ञान की रोशनी से रोशन कर रही है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक ठाकुर विनय कुमार सिंह, सदस्य अविनाश सिंह, प्रधानाचार्य भगवान सिंह एवं वरिष्ठ आचार्य गीतम सिंह ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यशपाल सिंह, रामबाबू सिंह, वेदपाल सिंह, गिरीश कुमार, हरी सिंह, पवन कुमार, देशराज सिंह, पूजा सिंह, तान्या सिंह, शिखा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन उपस्थित रहे।
