हाथरस। तहसील सासनी के ग्राम रूहेरी स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र पर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम नीरज शर्मा ने फीता काटकर किया और उन्होंने स्वयं बच्चों को अल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत एक से उन्नीस वर्ष तक के सभी बच्चों व किशोर-किशोरियों को प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर मुफ्त अल्बेंडाजोल की गोली दी जा रही है। जो बच्चे किसी वजह से आज दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज कुमार ने बताया कि पेट में कीड़े होने से बच्चों में कुपोषण का खतरा बढ़ जाता है, जिसका असर उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ता है। इसीलिए सरकार द्वारा साल में दो बार यह महत्वपूर्ण अभियान चलाया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता, साफ-सफाई और नियमित हाथ धोने जैसी अच्छी आदतों के बारे में भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने इस सार्थक पहल की सराहना करते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह, प्रभारी बाल विकास अधिकारी स्मृति दुबे, बीएचडब्ल्यू इंद्रा शर्मा, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर ममता सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *