हाथरस। तहसील सासनी के विजयगढ़ मार्ग स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और शिक्षकों की देखरेख में सभी विद्यार्थियों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई गई।

दवा वितरण से पहले एक जागरूकता सत्र रखा गया, जिसमें बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई के नियमों और समय पर दवा लेने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। स्वास्थ्य कर्मी राम कौशिक ने बताया कि दूषित पानी व खाने तथा गंदगी के कारण पेट में कीड़े पनप जाते हैं, जो शरीर के जरूरी पोषक तत्वों को चुरा लेते हैं।

विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह और माधुरी राजावत ने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों में कमजोरी, खून की कमी और कुपोषण का बड़ा कारण बनते हैं। कृमि नियंत्रण की दवा से शरीर में पोषण का सही ढंग से अवशोषण होता है, जिससे बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास बेहतर होता है और उनकी रोगों से लड़ने की क्षमता मजबूत होती है।

कार्यक्रम का संचालन बहुत व्यवस्थित रूप से किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्शी अज़ीज़ और उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह ने इस आयोजन की सफलता पर खुशी जताई और कहा कि आगे भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के स्वास्थ्य कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। वहीं अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन की इस सार्थक पहल की खूब सराहना की।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *