हाथरस। सासनी क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आर्यावर्त बैंक के शाखा प्रबंधक विवेक प्रताप सिंह की पहल से शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय सहयोग मिला है। उनके प्रयासों से विद्यालय की कंप्यूटर लैब में लंबे समय से खराब पड़े पांच कंप्यूटरों की मरम्मत कराई गई है, जिससे अब लैब पूरी तरह सक्रिय हो गई है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन पालीवाल ने बताया कि बैंक प्रबंधक ने स्वयं पहल करते हुए कंप्यूटर लैब को दोबारा चालू कराने का बीड़ा उठाया। तकनीशियनों द्वारा पांचों कंप्यूटरों को दुरुस्त किया गया और अब ये पूरी तरह काम करने लगे हैं। कंप्यूटरों के चालू होते ही छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने डिजिटल पढ़ाई तथा कंप्यूटर अभ्यास तुरंत शुरू कर दिया है।
इस मौके पर विवेक प्रताप सिंह ने कहा कि आज के दौर में कंप्यूटर शिक्षा हर विद्यार्थी के लिए जरूरी है और संसाधनों की कमी के चलते किसी भी बच्चे की पढ़ाई रुकनी नहीं चाहिए। विद्यालय प्रबंधन ने उनके इस सामाजिक सहयोग के लिए आभार जताया और इसे समाज के अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी बताया। अब स्कूल के बच्चे आधुनिक तकनीक की मदद से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
