हाथरस। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के स्वगणना अभियान के अंतर्गत सोमवार से स्वगणना की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई।
अभियान के पहले दिन सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर तथा विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा ने स्वगणना के माध्यम से अपना-अपना प्रपत्र स्वयं भरकर जनगणना अभियान में सहभागिता की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर अपना स्वगणना प्रपत्र अवश्य भरें।
उन्होंने कहा कि इच्छुक नागरिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वगणना पोर्टल पर पूछे गए 40 प्रश्नों का सही और सटीक उत्तर स्वयं दर्ज कर अपनी स्वगणना आईडी सुरक्षित रखें।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के समुचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक परिवार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। अतः सभी नागरिक निर्धारित समयावधि में स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करें तथा जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
