1 min read

हाथरस। जिला अस्पताल में MRI जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शासन तक पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा अनुभाग-6 के संयुक्त सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने 5 नवंबर 2026 को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र भेजकर जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए 21 प्रकरणों पर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इनमें हाथरस जिला चिकित्सालय में MRI जांच सुविधा उपलब्ध कराने का मामला भी शामिल है।

राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा ने 7 अक्टूबर 2026 को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजकर जिला अस्पताल में MRI मशीन स्थापित कराने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि जिला अस्पताल में MRI जांच की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को जांच के लिए अलीगढ़ या आगरा जाना पड़ता है। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांग, बुजुर्ग, गंभीर रूप से बीमार और आर्थिक रूप से कमजोर मरीज उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों को MRI जांच के लिए दूसरे जनपदों में जाना काफी परेशानी भरा और खर्चीला साबित होता है। मरीजों के साथ परिजनों को भी यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते हैं।

सागर शर्मा ने मांग को दिव्यांगजनों के लिए समान और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के अधिकार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया था। अब शासन स्तर से कार्यवाही के निर्देश जारी होने के बाद जिला अस्पताल में MRI जांच सुविधा शुरू होने की उम्मीद जगी है। यदि यह मांग पूरी होती है तो जिले के मरीजों को जांच के लिए अलीगढ़ और आगरा की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

Share the news