1 min read
बैठक को सम्बोधित करते उपजिलाधिकारी

हाथरस। जनगणना-2027 के दूसरे चरण को सही और बिना किसी गलती के पूरा कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को सासनी तहसील स्थित सभागार में एसडीएम शिवप्रकाश यादव की अध्यक्षता में सभी जनगणना सुपरवाइजरों की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई।

बैठक में उपजिलाधिकारी शिवप्रकाश यादव ने 16 नवंबर से शुरू होने जा रही स्व-गणना की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। बैठक को सम्बोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि जनगणना बेहद जरूरी राष्ट्रीय कार्य है और इसी के आंकड़ों से भविष्य की विकास योजनाएं बनती हैं। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे आम लोगों को ऑनलाइन माध्यम से खुद अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करें ताकि काम में तेजी और पारदर्शिता बनी रहे।

इस दौरान तहसीलदार सोनू बघेल ने उपस्थित जनगणना सुपरवाइजरों को  पोर्टल चलाने और अन्य तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर अपने क्षेत्र के गणना करने वालों से लगातार संपर्क में रहें और यह तय करें कि किसी भी परिवार को ऑनलाइन जानकारी भरने में कोई दिक्कत न आए। बैठक के अंत में सभी को समय पर और जिम्मेदारी से काम पूरा करने की हिदायत दी गई।

बैठक में लेखपाल, कानूनगो और अन्य जनगणना कर्मी मौजूद रहे।

Share the news