हाथरस। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी एवं जिले के ग्राम पंचायत रुहेरी निवासी विकास शर्मा को एक बार फिर संगठन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आईटी सैल के क्षेत्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की घोषणा गोरखपुर में संपन्न हुए अभाविप के 70 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजशरण शाही ने की।
विकास शर्मा वर्तमान में अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय में विधि के छात्र हैं। उन्होंने स्नातक की शिक्षा हाथरस स्थित आरपीएम डिग्री कॉलेज से वाणिज्य विषय में पूर्ण की है। वर्ष 2016 में नवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान वह पहली बार अभाविप से जुड़े और तब से संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विकास ने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई हैं जिनमें बागला इंटर कॉलेज के कॉलेज इकाई अध्यक्ष, हाथरस तहसील संयोजक, हाथरस जिला सोशल मीडिया एवं मीडिया संयोजक एवं ब्रज प्रांत के प्रांत सोशल मीडिया संयोजक प्रमुख हैं।
विकास शर्मा को तीसरी बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले दो वर्षों में क्षेत्रीय संयोजक के रूप में उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। उन्होंने अपने कार्यकाल में ब्रज प्रांत, मेरठ प्रांत और उत्तराखंड में सोशल मीडिया कार्यशाला आयोजित कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया, जिससे संगठन को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूती मिली।
अपनी नियुक्ति पर विकास शर्मा ने कहा कि आज का युग आईटी और सोशल मीडिया का है। इसकी विश्वसनीयता समाज में लगातार बढ़ रही है। संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दिया जाएगा। उनकी नियुक्ति से अभाविप कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और संगठन को डिजिटल स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।