हाथरस। शासन द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी अनु विमल को जेल विजिटर नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में संस्कार भारती हाथरस द्वारा एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि श्याम बाबू चिंतन ने की। इस अवसर पर अनु विमल को पारंपरिक पटका उड़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
संस्कार भारती के प्रांतीय संरक्षक एवं आशु कवि अनिल बौहरे ने कहा कि नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी को यह जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अनु विमल के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके अथक परिश्रम का परिणाम है।
इस मौके पर अनु विमल ने कहा कि मैं जेल में बंद कैदियों के कल्याण और सामाजिक पुनर्वास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगी। सामाजिक जागरूकता मेरी प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान एआर शर्मा को जिला महामंत्री तथा मधुलता शर्मा को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने उन्हें जिम्मेदारी पूर्ण निर्वहन का आग्रह किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कवि प्रभु दयाल दीक्षित, पूरन सागर, पंडित हाथरसी, डॉ. सुनीता उपाध्याय, नवीन गुप्ता, दीप्ति वार्ष्णेय, सोनाली वार्ष्णेय, नैतिक दीक्षित सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।