हाथरस। हिंदू समाज इस देश का अभिन्न घटक है। समर्थ, शक्तिशाली समाज के निर्माण हेतु हमें संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। संगठित शक्ति ही परम वैभव का आधार है। संघ के ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने डीआरबी इंटर कॉलेज में आयोजित शाखा टोली पर्यन्त एकत्रीकरण में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने शताब्दी वर्ष में समाज में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए पंच परिवर्तन के माध्यम से कार्य करेगा।

कार्यक्रम का शुभारम्भ संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार को नमन कर आद्य सरसंघचालक प्रणाम के साथ हुई। इसके बाद प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, विभाग सह संघचालक ललित और जिला संघचालक डॉ यूएस गौड़ ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत शुभारंभ किया।

प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणादायक कविता “बाधाएं आती हैं आएं… कदम मिलाकर चलना होगा” का पाठ करते हुए स्वयंसेवकों को राष्ट्र और समाज की सेवा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डॉ हेडगेवार द्वारा प्रवाहित संघ रूपी अविरल गंगा आज पूरे देश में व्याप्त हो चुकी है और समाज को लाभान्वित कर रही है। उन्होंने बताया कि संघ अपने 100 वर्षों के कार्य को आगामी 50 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। पंच परिवर्तन के माध्यम से उत्कृष्ट और संस्कारित समाज के निर्माण का कार्य किया जाएगा।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि आज का दिन शक्ति और संकल्प के स्मरण का है। विजय शालिनी संगठित शक्ति ही परम वैभव का आधार है। हमें निरंतर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए स्वयं को समर्पित करना होगा। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने और भारत को विश्वगुरु बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस रंगोली में फूल, पत्तियाँ, चरी आदि का प्रयोग किया गया, जिससे स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का महत्व उजागर हुआ। इस अवसर पर जिले के दायित्ववान कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *