हाथरस। नगर के दिल्ली वाला चौक स्थित प्राचीन मंदिर श्री मथुरानाथ जी महाराज में बेला, गुलाब और गेंदे के फूलों से सजे मनोहारी बगीचे में श्री मथुरानाथ जी महाराज के भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया गया।
ग्रीष्म ऋतु के अनुरूप इस अलौकिक सेवा अनुष्ठान में विशेष भोग और राग रंग की व्यवस्था की गई। ठाकुर जी का श्रृंगार आचार्य उपेन्द्रनाथ चतुर्वेदी ने किया। मंदिर परिसर को फूलों की झालरों और रंग बिरंगे पुष्पों से सजाया गया। प्राचीन ध्रुपद और धमार शैली में समाज गायन ने पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया।
आचार्य श्रीकृष्ण चतुर्वेदी (आगरा), पंडित विजय कृष्ण और विनय कृष्ण चतुर्वेदी (वृन्दावन) ने भावपूर्ण पदों से श्रद्धालुओं को झूमने को मजबूर कर दिया। इस मौके पर ठाकुर जी को ग्रीष्म ऋतु के अनुरूप मिष्ठान्न और फलों का भोग लगाया गया। आरती का दौर पंडित गोपेश्वर और पंडित सोमेश ने संयोजित किया।
इस आयोजन में पं सुरेन्द्रनाथ चतुर्वेदी, आगरा छावनी बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश गोयल, सुमन दीक्षित, संघ के सह प्रांत प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी, हितेश लवानिया, रामेश्वर चौधरी, पं जितेन्द्र चतुर्वेदी, सोनू गुप्ता, प्रदीप नामदेव आदि उल्लेखनीय रूप से उपस्थित थे।