हाथरस। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत संगठन का एक विशेष कार्यक्रम अलीगढ़ रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण शाह थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रांत में उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण शाह ने कहा कि जनपद में उपभोक्ता संरक्षण फोरम का विधिवत गठन हो चुका है। इसके विस्तार के लिए नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में उपभोक्ता है। उत्पादक भी पहले एक उपभोक्ता है और फिर उत्पादक बनता है। उपभोक्ता राजा के समान है और उसका सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर ब्रज प्रदेश अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री लखन सिंह, प्रान्त संगठन मंत्री राजेंद्र अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।