हाथरस। मानव कल्याण सामाजिक संस्था द्वारा रात्रि में ठंड से बचाव के लिए गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। इसी दौरान चिंताहरण रोड पर एक दुकान के बाहर चबूतरे पर एक वृद्धा खुले में सोती हुई मिली। संस्था के पदाधिकारियों ने तत्काल उसे कंबल ओढ़ाया और उसकी सहायता की।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि वृद्धा से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन वह किसी भी स्थान अथवा वृद्धाश्रम जाने के लिए तैयार नहीं हो रही है। संस्था ने प्रशासन से सहयोग की अपील की है, ताकि वृद्धा को सुरक्षित वातावरण और उचित देखभाल मिल सके।
मानव कल्याण सामाजिक संस्था ने एसडीएम सदर से मांग की है कि चिंताहरण रोड पर ललित मित्तल की दुकान के बाहर रात्रि में सोने वाली वृद्धा की व्यवस्था किसी वृद्धा आश्रम में कराई जाए। संस्था का कहना है कि ठंड के मौसम में खुले में रहना वृद्धा के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
कंबल वितरण अभियान के दौरान संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय, जिला अध्यक्ष नारायण लाल, जिला महामंत्री कन्हैया वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नगर महामंत्री कृष्ण गोपाल, नगर कोषाध्यक्ष पुनीत पोद्दार, संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव पचौरी, डॉ पी पी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संस्था ने आगे भी जरूरतमंदों की सहायता जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
