हाथरस। कस्बा मुरसान स्थित गुर्रीमल बगीची में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संचालक शशांक भाटिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति पूरे विश्व को जीवन जीने का मार्ग दिखाती है और इससे श्रेष्ठ कोई अन्य संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि एक दिन पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति के सिद्धांतों पर चलकर ही जीवन जीना होगा। साथ ही उन्होंने हिन्दू समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया। इससे पूर्व सम्मेलन का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता शशांक भाटिया ने संघ के शताब्दी वर्ष को समर्पित समाज व राष्ट्र हित की यात्रा के बारे में विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए संत सुनील कौशल महाराज ने कहा कि हिन्दू समाज में बढ़ती एकता को देखकर विरोधी ताकतें असहज हैं, इसलिए वे जाति के आधार पर फूट डालने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास पहले कभी सफल नहीं हुए और न भविष्य में होंगे। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने विश्व को शांति का पाठ पढ़ाया है, लेकिन यदि राष्ट्र या सनातन मूल्यों पर कोई आंच आती है तो हिन्दू समाज इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
कार्यक्रम को मातृशक्ति माधवी और संत कृष्ण चंडी महाराज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हरकेश पहलवान ने अध्यक्षता की जबकि धर्मवीर प्रधान ने संचालन किया। सम्मेलन में दुर्गेश गुप्ता, रवेंद्र सिंह ठेनुआ, गिर्राज किशोर शर्मा, दिलीप मित्तल, आदित्य भारद्वाज, चौधरी चंद्रवीर सिंह, बद्री प्रसाद पाठक, रूपेश अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, महेश चाहर, प्रताप सिंह, चौधरी धर्मवीर सिंह, राजकुमार शर्मा, कोरना चौधरी, कृष्णपाल सिंह, सूरज शर्मा एवं एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में हिन्दू समाज के लोग उपस्थित रहे।
