हाथरस। कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव समामई स्थित एक पेट्रोल पंप पर दबंगों ने सोमवार देर शाम जमकर तांडव मचाया और कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई कर लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना सीएनजी भरवाने के दौरान लाइन तोड़कर आगे बढ़ने को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसक रूप ले गई।
आरोप है कि विवाद के तुरंत बाद हमलावरों ने अपने दर्जनों साथियों को बुलाकर पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया। हमलावर सरिया, डंडे और अन्य हथियारों से लैस थे और उन्होंने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। जब जान बचाकर कर्मचारी कार्यालय की ओर भागे तो हमलावरों ने वहां भी तोड़फोड़ मचा दी। उन्होंने फर्नीचर तोड़ डाले और शीशे फूंक दिए।
पंप मैनेजर राजेंद्र सिंह के अनुसार, हमलावरों ने जाते-जाते कर्मचारियों के पास मौजूद कलेक्शन की रकम और कैश काउंटर में रखे करीब दो से तीन लाख रुपये लूट लिए। इस घटना में कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यापारी सुरक्षा की कमी को लेकर आक्रोशित हैं। कोतवाली क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
