हाथरस। भारतीय जनता पार्टी के गौशाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर  बुधवार को ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हाथरस लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पार्टी द्वारा शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत लोगों को स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने और उनकी खरीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सांसद वाल्मीकि ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर बनाना और आयात पर निर्भरता कम करना है। युवा वर्ग को स्वदेशी के प्रति जागरूक करने तथा जन-जन तक आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा एक ऐसे देश की है जो अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आत्मनिर्भर हो। यह आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त होने के बारे में है। आत्मनिर्भर भारत के लिए हमें नवाचार, उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना होगा। इससे न केवल हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि हमारा देश भी सशक्त बनेगा।

सांसद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 2047 तक विकसित देश बनाने का जो सपना देखा है, उसी को सफल बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह निश्चित है कि युवा वर्ग की मदद से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर 2047 तक देश विकसित देश बन जाएगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि पूर्व के वर्षों में हम विभिन्न वस्तुओं, खासकर रक्षा उत्पादों को आयात करते थे, जिससे हम विदेशों पर निर्भर थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच की वजह से रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में हम आत्मनिर्भर बनने जा रहे हैं। नई-नई तकनीक से मिसाइल, ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में देश लगभग आत्मनिर्भर होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि जिन उत्पादों को बनाने में हमारे देश के नागरिक का खून-पसीना बहता है, वह सब उत्पाद स्वदेशी उत्पाद की श्रेणी में आते हैं, जिन्हें हम खरीद कर देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग कर सकते हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, आत्मनिर्भर भारत अभियान के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री,  नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर चौधरी भी उपस्थित रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *