हाथरस। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम महौ में हुई फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर एक तमंचा 315 बोर एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिकंद्राराऊ के पर्यवेक्षण में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम चन्दैया के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राज कुमार उर्फ रामू पुत्र श्यामवीर निवासी ग्राम दतौरा, थाना हाथरस जंक्शन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
