हाथरस। महाशिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज संयुक्त रूप से कांवड़ियों के प्रमुख मार्ग सिकंदराराऊ–हाथरस का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसपी ने नगला रति, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास और मैण्डू सहित अन्य प्रमुख स्थानों का अवलोकन किया। उन्होंने मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, जनता से संवेदनशील व्यवहार करते हुए ड्यूटी निभाने और कांवड़ियों को सुव्यवस्थित जत्थों में ही रवाना कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरी ताकत से तैनात रहेंगी। कांवड़ियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां बिजली, पेयजल और हल्के भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। उन्होंने एनएचएआई को तत्काल टूटी सड़कों की मरम्मत, पैचिंग का काम पूरा करने, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा चिन्ह लगाने और खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने फुटपाथ निर्माण, संकरी सड़कों को चौड़ा करने और रात्रिकालीन यातायात के लिए रिफ्लेक्टर व बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सभी प्रमुख चौराहों पर चौबीसों घंटे पुलिस टीमें तैनात कर यातायात प्रबंधन सुचारू रखने को कहा। एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्गों और मंदिर परिसरों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सघन बैरिकेडिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की जाएगी। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए हर स्तर पर मुस्तैदी से इंतजाम किए गए हैं।
