हाथरस। जनपद में “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने रॉकेट लर्निंग संस्था का जनपद हाथरस में स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद की विभिन्न परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के स्टेट को-लीड प्रवीण वर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रॉकेट लर्निंग संस्था द्वारा आंगनबाड़ी प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि राज्य पाठ्यक्रम और राज्य कैलेंडर के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गतिविधि आधारित वीडियो एक दिन पूर्व उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अगले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ गतिविधियों को सरल और प्रभावी ढंग से करा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने, बच्चों को प्रोत्साहित करने और खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने का वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों पर अनावश्यक प्रतिबंध न लगाने और उन्हें स्वाभाविक रूप से सीखने के अवसर देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के तहत खेल आधारित गतिविधियों, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को एक साथ जोड़कर आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए कम लागत एवं स्थानीय संसाधनों के उपयोग से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार किया जाएगा। इस पहल से जनपद हाथरस में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में सकारात्मक और स्थायी सुधार सुनिश्चित होगा।
