हाथरस। गायत्री जयंती के अवसर पर विनोद विहार कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर यज्ञ, संस्कार आदि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने यज्ञ में आहुति डालकर विश्व शान्ति एवं मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की।
बृहस्पतिवार को सुबह 6 बजे गायत्री परिवार के सदस्यों ने गायत्री मन्त्र का अखंड जप प्रारम्भ किया। अखंड जप की समाप्ति के बाद संस्कार शाला में गुरु दीक्षा, यज्ञोपवीत, पुंसवन आदि संस्कार किए गए। इसके बाद यज्ञ हवन आयोजित किया गया। यज्ञ हवन में जिले भर से आए गायत्री परिवार के लोगों ने आहुति डालकर विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए गायत्री शक्तिपीठ की मुख्य प्रबंध ट्रस्टी चंद्रकांता शर्मा ने कहा कि ज्येष्ठ माह में शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गायत्री जयंती मनाई जाती है। इस दिन मां गायत्री का अवतरण हुआ था। उन्होंने कहा कि वेदों की उत्पत्ति मां गायत्री से ही हुई है। इसलिए गायत्री को वेदमाता के नाम से भी जाना जाता है। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने गायत्री को जन जन तक पहुंचाया। इसी दिन परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का महाप्रयाण दिवस भी है।
टोली नायक गिरीश शर्मा ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने गायत्री मन्त्र को सर्व सुलभ बनाया। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र के जप से मेधा का विकास होता है।
यज्ञ में मुख्य यजमान संजय सेंगर, माधुरी सेंगर व नीलम जायसवाल, यतेंद्र जायसवाल रहे। व्यास पीठ से यज्ञ गिरीश शर्मा व राकेश शर्मा ने कराया।
कार्यक्रम में कुन्ती शर्मा, पूजा शर्मा, अलका वार्ष्णेय, सरोज खोखर, अनुराधा शर्मा, मीरा दीक्षित, गौरव पांडे, मुकुल शर्मा, गुड्डू परसौली, आकाश शर्मा, रविन्द्र दीक्षित, जवाहर लाल शर्मा, मंजू पांडे, प्रवेश शर्मा, अलका शर्मा, हनी पाराशर, शताक्षी, उपमा शर्मा, अनुराधा मित्तल, सोनिया पाठक, नूतन राना, शीतल शर्मा, मनीष पाठक आदि उल्लेखनीय रूप से उपस्थित थे।