हाथरस। सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय परिवार ने गुरु गोविंद सिंह जी और उनके चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शुक्रवार को कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक गणों द्वारा गुरु गोविंद सिंह जी तथा चारों साहिबजादों के छबि चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर जो बोले सो निहाल के जयकारों और साहिबजादों की वीरता के संस्मरणों से गुंजायमान रहा। प्रधानाचार्य ने कहा कि वीर बाल दिवस साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इतनी कम उम्र में अपनी आस्था और धर्म की रक्षा के लिए शहादत को गले लगाना विश्व इतिहास में साहस का एक बेमिसाल उदाहरण है। विद्यालय के शिक्षक राजीव कुमार ने साहिबजादों के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह दिन चारों साहिबजादों की वीरता को नमन करने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि किस तरह सरसा नदी के तट पर मुगल सेना से युद्ध के दौरान छोटे साहिबजादों को बंदी बना लिया गया था और मात्र आठ व पांच वर्ष की कोमल आयु में धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उन्हें जिंदा दीवार में चुनवा दिया गया था। कार्रक्रम में अरुण कुमार कौशिक, भारत सिंह, प्रियंका, विनय कुमार, अशोक कुमार, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा और जितेंद्र कुशवाहा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
