हाथरस। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र में मथुरा रोड स्थित बौहरे वाली देवी मंदिर के पास रेलवे ट्रैक पर एक अधेड़ किसान का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सुबह रेलवे लाइन के किनारे शव देखे जाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की और मृतक की पहचान गांव कुंवर जी के नगला निवासी 40 वर्षीय हरिशंकर पुत्र लालमन सिंह के रूप में की। बताया जा रहा है कि हरिशंकर किसान थे और वह सोमवार की शाम घर से कुछ देर में लौटने की बात कहकर निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार में कोई विवाद या तनाव की स्थिति नहीं थी। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के कारण पुलिस इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मान रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत ट्रेन से कटने से हुई है या फिर किसी और वजह से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
