हाथरस। जिलाधिकारी हाथरस और उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार के पर्यवेक्षण में आबकारी विभाग की टीमों ने जनपद भर में संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न मदिरा दुकानों का सोमवार को औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-3 अलीगढ़ प्रभार के नेतृत्व में की गई।

इस दौरान मुरसान कस्बा, थाना हाथरस गेट क्षेत्र के भगवंतपुर और थाना सासनी क्षेत्र में स्थित कई देशी एवं कंपोजिट शराब की दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण टीम ने दुकानों पर मौजूद स्टॉक का सत्यापन किया, टेस्ट परचेजिंग कराई और पास मशीन के माध्यम से बिक्री के रिकॉर्ड की जांच की। साथ ही दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई।

अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को लाइसेंस शर्तों और नियमों का कड़ाई से पालन करने के सख्त निर्देश दिए। इस अभियान में सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-3 अलीगढ़ प्रभार राजेश सिंह, आबकारी निरीक्षक हाथरस क्षेत्र-1 क्षितिज कुमार  और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 सासनी अच्छे लाल मिश्र सहित आबकारी विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *