हाथरस। सिकंदराराऊ नगर के जेपीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार को कॉलेज गेट पर बाहरी युवकों को टोकना भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक, उसके पिता और अन्य साथियों ने प्रधानाचार्य और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दीं। इस घटना में मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।
प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि कॉलेज में इंटरमीडिएट के विदाई समारोह के दौरान कुछ अज्ञात युवक गेट पर खड़े थे। स्टाफ द्वारा हटाए जाने पर वे कुछ देर के लिए गए, लेकिन फिर वापस लौट आए। पूछने पर एक युवक ने कहा कि वह एक छात्रा से मिलने आया है। मना किए जाने पर युवक ने गाली-गलौज और धमकी देता हुआ वहां से चला गया।
बाद में प्रधानाचार्य अपनी पत्नी के साथ एक शादी समारोह में गए, जहां वही युवक मिल गया। आरोप है कि युवक ने उन्हें देखते ही गाली देना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके पिता नेम सिंह और अन्य लोग वहां आ गए और युवक छोटू व उसके साथियों ने प्रधानाचार्य दंपति पर हमला बोल दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए।
आरोप है कि मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी युवक के माता-पिता ने अभद्रता की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
