हाथरस। जनपद के नगला सिंगी गांव में डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा पर कीचड़ भी लगाया गया है। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अंबेडकर अनुयायी और स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों ने इस वारदात की कड़ी निंदा की। मौके पर प्रतिमा स्थल के आसपास अतिक्रमण के आरोपों को लेकर भी तीखी नोक-झोंक हुई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी और राष्ट्रीय लोकदल नेता बंटी सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे।

हालात को देखते हुए उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर और हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक अरविंद राठी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत किया और तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। उप जिलाधिकारी राजबहादुर ने बताया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगाई जाएगी। साथ ही स्थल की सफाई कर अतिक्रमण हटाने और घटना में शामिल शरारती तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

समाचार के लिखे जाने तक क्षतिग्रस्त प्रतिमा हटाकर नई प्रतिमा लगाने और पूरे स्थल की सफाई का कार्य जारी था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *